Thursday, October 15, 2026

सुनो मैं अब बदल गया हूं

10.


सुनो ज़रा 

पता है तुम्हें 

मैं अब बदल गया हूं 

तुम्हीं तो कहती थीं 

'अब तो तुम भी बदल जाओ  

सबके जैसे बन जाओ.'

सबके जैसा तो नहीं बन सका मैं.


पर पता है तुम्हें 

अब मैं वैसी ज़िद नहीं करता  

जैसी पहले तुमसे किया करता था

बाकी कल्पनाएं करना तो कब का बंद कर दिया था मैंने 

सपने देखना भी छोड़ दिया है अब तो मैंने 

घूमने-फिरने के ख़याल अब मन में नहीं आते 

नाटकों के पोस्टर भी अब तो खींचकर नहीं ले जा पाते 

आर्ट गैलरियां भी अब नहीं बुलातीं मुझे 

लाइब्रेरी से आई चिट्ठी भी अब तो कहती है 

आप अपनी सदस्यता का नवीनीकरण क्यों नहीं कराते  

मिलने की भी तलब अब होती नहीं किसी से 

पता है तुम्हें अब तो मुझे गांव भी नहीं लुभाते. 


शायद तुम्हें अब भी याद होगा 

तुमने एक बार मुझसे कहा था 

'मैंने तो अपनी ज़िंदगी में ये मान लिया है

जिधर जैसा मोड़ आएगा मुड़ जाऊंगी 

और मैं भी वैसी ही बनती जाऊंगी.' 


सालों-साल बाद

शायद ऐसा ही कुछ 

अब मैं भी अपने आप से कहने लगा हूं  

'अब बस मुझे रब की मर्जी विच ही रहणा है 

बल्कि अब तो उनसे भी मुझे कुछ नहीं कहना है.'


No comments:

Post a Comment