Saturday, August 29, 2026

याद है तुम्हें वो मेरा पहला ख़त

4.


सुनो ज़रा

याद है तुम्हें 

वो मेरा पहला लिखा ख़त 

जो अक्षरों को जोड़कर नहीं

बल्कि 

अंकों को जोड़कर लिखा गया था.


वो ख़त नहीं था

बल्कि 

किसी सॉफ्टवेयर का कोड-सा लगता था 

हर अक्षर को एक अंक दिया गया था

और फिर 

जैसे अक्षरों को जोड़कर 

एक शब्द बनाया जाता है 

ठीक वैसे ही अंकों को जोड़कर 

एक-एक शब्द बनाया गया था. 


वैसे भी तुम ख़त कहां लिखा करती थीं 

वो तो मैं ही था 

जिद करके लिखवा लिया करता था 

ऐसा क्या 'कुछ' होता था तुम्हारे उन ख़तों में 

मुझे कुछ पता नहीं 

पर 'कुछ' तो ऐसा होता था उनमें

जिन्हें पढ़कर दिल खुश ही नहीं होता था 

बल्कि

एक जादुई से एहसास में डूब जाता था

जिसे मैं कभी शब्दों में बयान नहीं कर पाता था.


ज़रा ये तो पढ़ो तुम 

'दफ़्तर के पते पर 'कला' का पत्र मिला 

बिना किसी संबोधन के उसने लिखा था 

मैं ठीक-ठाक पहुंच गई थी 

इजा को मैंने आपके सारे उधार के बारे में बतला दिया है

टिकट से लेकर हाथ-खर्च तक

और हां  

आपका शाल आपके आदेशानुसार पहुंचा दिया है. 


मुझे बुरा लगा

मैं धीरे-धीरे पत्र मोड़ रहा था 

कि पिछली ओर कुछ लिखे पर नज़र पड़ी 

लिखा था.


बुरा लगा! 

नहीं रे! 

शाल उसने रख लिया है 

जिसके लिए था 

थैंक्यू!'


पता है तुम्हें 

जब मैंने इस ख़त की 

आख़िरी पंक्तियां पढीं

तो लगा ये पंक्तियां 

'कला' ने नहीं तुमने लिखी है 

सच कहूं तो 

लिखने के तुम्हारे ऐसे ही लहजे को मैं बेहद प्यार करता था. 


नोट- इस रचना में जिस ख़त का जिक्र आया है. वो 'लेकिन दरवाजा' नामक उपन्यास से लिया गया है. जिसे लिखा है 'पंकज बिष्ट जी' ने. यह उपन्यास समाज व मानवीय संबंधों की परतों को उधेड़ता है. पढ़ा जाना चाहिए. यूं तो बिना अनुमति के उनके लिखे को यहां अपनी बात को स्पष्ट तरीके से कहने के लिए लिखा है. अगर एतराज होगा तो पोस्ट को हटा दिया जाएगा. पर मुझे उम्मीद है कि

एतराज नहीं होगा इसलिए उनका लिखा यह पत्र शामिल कर लिया.

Thursday, August 27, 2026

आजकल परमात्मा मुझसे ख़फ़ा-ख़फ़ा रहते हैं

3.

सुनो ज़रा 

पता है तुम्हें 

आजकल परमात्मा मुझसे 

ख़फ़ा-ख़फ़ा रहते हैं  

और 

मैं डरा-डरा रहता हूं.


फिर कभी कुछ ऐसा घटता है 

लगता है बेशक वे मुझसे ख़फ़ा हैं 

पर 

राह भी तो दिखाते हैं 

काम भी तो बनाते हैं.

 

फिर कभी पता नहीं 

उन्हें क्या हो जाता है 

बिल्कुल दूसरी ही राह ले जाते हैं 

मैं परेशान कर भी क्या सकता हूं 

उन्हीं की बनाई राह पर चलने लग जाता हूं. 


पता है अब मैं

अकेले चलते-चलते 

थक भी जाता हूं

थक-हारकर बैठ जाता हूं

फिर बैठा-बैठा 

रब से खूब गिले-शिकवे करता हूं 

तुम्हें याद करता हूं 

और 

ना जाने क्या-क्या सोचने लगता हूं.


फिर उठकर चल पड़ता हूं 

इस आशा में कि

कभी तो इनकी नाराज़गी दूर होगी 

कभी तो दर्द-तकलीफ़ों से राहत होगी

क्या पता किसी राह भटकते-भटकते  

कभी तुमसे भी मुलाकात होगी!


Wednesday, August 26, 2026

याद है तुम ख़तों में गाने लिख दिया करती थीं

2.


सुनो ज़रा
याद है तुम्हें
जब मैं तुमसे रोज़ के रोज़ ख़त लिखने की ज़िद करता था
तब तुम कहती थीं कि रोज़-रोज़ ख़त में मैं क्या लिखूं
मैं कहता था कि ' कुछ भी ' लिख दिया करो

तुम गाने लिख दिया करती थीं
मैं उन्हें पढ़कर 

तुम पर गुस्सा किया करता था

फिर तुम कहती थीं,
'तुमने ही तो कहा था,
'कुछ भी' लिख दिया कर
जब मैं 'कुछ भी' लिख देती हूं, 

तो मुझ पर गुस्सा करते हो 

तुम ही बताओ मैं क्या करूं ?'


दरअसल
मैं उन दिनों तुमसे खूब सारी बातें करना चाहता था 

अकेले मिलना

बातें करना

संभव ही नहीं हो पाता था 

इसलिए रोज़ ही ख़त लिखने की ज़िद किया करता था 

ख़तों के जरिए ही तो मैं

अपने दिल की बात कह पाता था
तुम्हारे मन की बातें पढ़ पाता था.


पता है तुम्हें
अब मुझे भी हिंदी गाने पहले से ज्यादा पसंद आने लगे हैं
और तो और
अब मुझे कन्नड़, मलयालम, पंजाबी भाषा के गीत भी भाने लगे हैं
दूसरी भाषाओं के कुछ गीत तो मुझे इतने पसंद आने लगे हैं
कि वे मेरे कंप्यूटर में लूप में बजते रहते हैं.


पता है तुमको 

किसी-किसी गीत की कोई-कोई पंक्ति इतनी प्यारी होती है

वो दिल के किसी कोने में बैठ जाती है 

फिर धीरे-धीरे मिश्री की तरह घुलती जाती है 

मैं उसका दिव्य स्वाद लेने लगता हूं  

जरा इस गीत के बोल तो सुनो 

'कोई नहीं मेरा, जरूरत तेरी 

लागे ना जिया, देखूं ना जो सूरत तेरी*...' 


अब इस पंजाबी गीत को सुनो  

'तू जो नज़रां मिलाइयां, असीं भुलिए किवें

तू जो नींदां चुराइयां, असीं भुलिए किवें

कहके हमदम कदी ते कदी बावरा

तू जो मोहब्बतां सिखाइयां, असीं भुलिए किवें*...'

कितने प्यारे हैं ये गीत

है ना!


पता नहीं तुमने ये गीत सुने हैं कि नहीं
यूं भी अब घर चलाने की जद्दोजहद में

तुम्हें अब वक्त भी कहां मिलता होगा 

पहले की तरह गीतों को गुनगुनाने का

इनकी धुनों पर थिरक जाने का
सोचता हूं मैं ये बात
अपनी पसंद के गीतों को सुनते हुए.

नोट-*गाने की पंक्तियां फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज माही' और पंजाबी फिल्म 'शायर' के गीतों की हैं.


Tuesday, August 25, 2026

सुनो ज़रा

1.


सुनो ज़रा 

कभी-कभी सुबह सपने में 

सिर्फ़ तुम्हारा आना ही याद रहता है 

बाकी कुछ भी याद करने पर भी याद नहीं आता.


तुम्हारे आने का एहसास भी ऐसा होता है 

जैसे अभी-अभी तुम मुझसे मिलकर चली तो गई हो 

लेकिन अपने होने की महक यहीं छोड़ गई हो मेरे पास.