Thursday, September 17, 2026

भ्रम

8.

सुनो ज़रा 
पता है तुम्हें 
ना जाने कितने भ्रम पाले हुए था मैं 
रिश्तों के 
अपनों के 
दोस्ती के 
प्यार के
जैसे-जैसे वक्त गुज़रता गया 
सब के सब टूटते चले गए!

Wednesday, September 9, 2026

मुझे भूल तो नहीं जाओगी ना तुम?

7.


सुनो ज़रा 

पता है तुम्हें 

बीती रात के अंतिम पहर में 

मैंने तुम्हारे सारे ख़तों के 

पुर्जे-पुर्जे कर दिए 

पुर्जे करने से पहले 

मैं उन्हें एक-एक कर पढ़ता रहा 

पढ़कर उन्हें फिर 

कभी खुश होता  

कभी उदास होता 

और 

कभी तो ऐसा लगता 

जैसे तुम ही कमरे में बैठी 

एक-एक ख़त को पढ़कर सुना रही हो

'आज मैंने तुम्हारे लिए 

पूरे-पूरे दो पेज भर दिए हैं

है ना

क्या इनाम दोगे!' 

क्या इनाम दिया था मैंने 

याद आया कुछ तुम्हें?


कुछ देर बाद 

फिर तुम कहती हो 

'पढ़ लिया कि नहीं 

मैं आ जाऊं क्या

बुला ले ना

मैं पढ़कर सुना दूंगी 

आऊं मैं!'

और 

तुम आज तक ना आ सकीं

और अब 

ये ख़त भी नजर नहीं आएंगे 

बिल्कुल तुम्हारी तरह

वैसे कितने साल हो गए 

हम दोनों को मिले हुए? 

याद आया कुछ तुम्हें?

 

वैसे तुम्हें पता है 

इन ख़तों के टुकड़े मैंने क्यों किए 

दरअसल  

शरीर साथ नहीं देता अब 

एक दर्द को सुलाता हूं 

तो दूसरा जाग जाता है

दूसरे को बहलाता हूं 

तो तीसरा नाराज हो जाता है

आखिर किस-किस दर्द की दवा करूं मैं अब 

बस इन्हीं में उलझा कभी-कभी  

हाथ की रेखाओं को देखा करता हूं 

अब तो ये भी टूटने लगी हैं 

अपनी राह से भटकने लगी हैं 

बल्कि पता है तुम्हें 

जीवन रेखा तो कब की दो टुकड़े हो चुकी 

उस टूटी रेखा को देख 

डर जाता हूं मैं अब

पहले तो डरा सहमा तुम्हारे लिखे ख़त 

पढ़ लिया करता था

थोड़ा बहुत अपने आपसे 

हंस बोल लिया करता था  

फिर एक दिन अपने डर से ही 

तुम्हारा ये डर याद आया

जो तुमने किसी रोज एक ख़त में लिखा था 

'ये ख़त कभी किसी के हाथ लग गए तब क्या होगा?' 

सच में तब क्या होगा

मैंने भी ये सोचा था 

इसलिए 

सारे ख़तों के टुकड़े-टुकड़े कर दिए बीती रात मैंने 

क्या पता 

जीवन रेखा पर चल रहा मेरी सांसों का पहिया 

कब टूटी जीवन रेखा के पास आकर थम जाए 

कब मेरा जीवन खत्म हो जाए

लेकिन 

ज़िंदगी के इस अंतिम पहर में  

आखिरी ख़्वाहिश की तरह 

दिल चाहता है एक बार फिर से 

तुमसे मिलना 

मुझसे मिलने तुम जरुर आना 

और फिर 

पहले की तरह 

चुपके से मेरे हाथ में 

एक छोटा-सा ख़त थमा जाना 

जिससे जान जाऊं मैं हाल तुम्हारा 

और फिर 

निकल जाऊं मैं अकेले ही 

यह दुनिया छोड़कर कहीं दूर 

बहुत दूर.


यूं भी तुम्हीं ने तो एक बार कहा था 

'सब अकेले ही इस दुनिया में आते हैं 

और अकेले ही जाते हैं

आज तक कितनों ने साथ मरने की कसम खाई होगी

किसी से भी पूछ के देख  

कौन किसके साथ जिया

और किसके साथ मरा 

ये तो किसी को पता नहीं

हम साथ-साथ मरेंगे नहीं 

केवल साथ-साथ जिएंगे

बस

और कुछ नहीं

तू मरने का नाम मत लिया कर 

क्योकिं मरने के बाद सब भूल जाते हैं

साथ मरने की नहीं 

बस साथ जीने की दुआ मंगाकर

समझा

अब खाएगा मरने की कसम.'

याद आया कुछ तुम्हें? 


मुझे यकीन है

तुम्हें सब याद होगा

दिल के किसी एक कोने में

सब कुछ छुपाकर रखा होगा

लेकिन

एक बात तो बताओ  

मेरे मरने के बाद 

मुझे भूल तो नहीं जाओगी ना तुम?

सच-सच बताना 

तुम्हें मेरी कसम.


Friday, September 4, 2026

आज तुम हिम्मत का दुपट्टा ओढ़े थीं

6.


सुनो ज़रा

आज फिर आई थीं तुम मेरे सपने में 

जैसे अक्सर आ जाती हो

लेकिन

आज तुम हिम्मत का दुपट्टा ओढ़े थीं 

मैं डर का कुर्ता पहने था.


तुम आज बार-बार

मेरे नजदीक आकर

मेरा हाथ पकड़े जा रही थीं 

मैं दुनिया से डरा-सहमा बार-बार ही 

तुमसे अपना हाथ छुड़ाए जा रहा था 

तुमसे फ़ासले बनाए जा रहा था

ठीक वैसे ही फ़ासले

जैसे पहले तुम बनाया करती थीं.


परंतु

आज मैं दिल ही दिल में बेहद खुश था 

क्योंकि 

तुमने अब लोगों की परवाह करना छोड़ दिया था

अपने ख़्वाबों को प्यार करना शुरू कर दिया था.

Wednesday, September 2, 2026

तुम्हारा लहजा

5.

सुनो ज़रा
कितना बदल गई हो तुम
तुम्हारा रूप-रंग
तुम्हारा पहनावा
सब बदल-बदल-सा गया है
अब तो साड़ी भी पहनने लगी हो तुम.

याद है तुम्हें
एक बार
तुम्हारे साड़ी पहनने पर
मैं तुम पर गुस्सा हुआ था
दरअसल
मुझे उस वक्त ऐसा एहसास हुआ
जैसे अब तुम जल्द ही शादी करके
मुझे छोड़ जाओगी
क्योंकि शादी के बाद लड़कियां साड़ी पहनने लगती हैं.

फिर तुमने जो बात मुझसे कही थी
वो मुझको अब तक याद है
तुमने कहा था
'मैं तो यहीं थी तेरे पास ही तो
फिर तू पता नहीं क्या सोच रहा था
और इतना गुस्सा हो रहा था
अब नहीं पहनूंगी कभी भी साड़ी
फिर तो तुझे कुछ एहसास नहीं होगा ना.'

लेकिन सुनो
बात करने का तुम्हारा लहजा
आज भी वैसा ही है
जैसा पहले हुआ करता था
अद्भुत
अलहदा
और
प्यारा.