सुनो ज़रा
याद है तुम्हें
एक बार मैंने तुमसे यूं ही पूछ लिया था
मैं तुम्हारे लिए क्या हूं ?
तुमने कहा था
एक लड़का और क्या
अरे ये नहीं
तो फिर
मतलब कि मैं तुम्हारा क्या हूं
पड़ोसी और क्या
अरे बाबा ये नहीं पूछ रहा मैं
तो फिर क्या पूछ रहे हो तुम
मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा
मैं चलती हूं
मुझे देर हो रही है.
फिर ये बात आई गई हो गई
तुमसे अकेले में बात करने के ज्यादा मौके मिलते तो नहीं थे
पर मैं फिर भी मिलने के मौके तलाशता रहता था
जब दिन भर में एक भी मौका ना मिलता
तब मैं झुंझलाने लगता
मेरी झुंझलाहट तब और बढ़ जाती
जब मुझे लगता
मिलने की जितनी कोशिश मैं करता हूं
शायद तुम उतनी नहीं करतीं
बेशक वजहें तुम्हारी चाहे जो भी रहती थीं
पर मेरी झुंझलाहट का पारा ऊपर ही चढ़ता जाता था
तुम्हारे कुछ पूछने-कहने भर से
मैं कभी उसका उल्टा जवाब दिया करता
कभी तुम पर गुस्सा किया करता
बल्कि अपना आधा गुस्सा तुम पर ही उतार दिया करता था.
जवाब में तुम कहती थीं
तुम झूठ बोलते हो
तुम आधा गुस्सा नहीं
बल्कि सारा गुस्सा मुझ पर ही उतार देते हो
जब जनाब से गुस्से का कारण पूछो तो
तब जनाब मुझसे ही सवाल करने लगते हैं
तुम अकेले में मुलाकात की कोशिश क्यों नहीं करतीं
तुम मेरे लिए रोज ख़त क्यों नहीं लिखतीं
तुम मुझे हमेशा मीठा पानी क्यों नहीं देतीं
तुम ये क्यों नहीं करतीं
तुम वो क्यों नहीं करतीं
फिर जनाब ये भी कहते हैं
एक दिन हम शादी के बंधन में बंधेंगे
ज़रूर बंधेंगे
अगर हम सच में शादी के बंधन में बंध गए तब क्या होगा
फिर तो तुम सब चीजों में सच्ची में आग लगा दोगे
सब चीजें सच में तोड़-फोड़ दोगे
साथ में मुझे भी
है ना!
लेकिन फिर किसी रोज अचानक से तुम आईं
आते ही कहने लगीं
तुम पूछ रहे थे ना
मैं तुम्हारे लिए क्या हूं ?
हां पूछ तो रहा था
तुमने वो 'बीरबल की खिचड़ी' वाली कहानी पढ़ी है
नहीं तो
तो सुनो.
उस कहानी में 'अकबर' 'बीरबल' से कहते हैं
जो आदमी इस नदी के ठंडे पानी में रात भर खड़ा रहेगा
वे उसे सोने की सौ मुद्राएं देंगे
फिर
फिर क्या
एक गरीब किसान इस काम को करने के लिए राज़ी हो गया
और तो और वह इस कार्य को करने में सफल भी हो गया
फिर बादशाह 'अकबर' ने उन्हें बुलाया और पूछा
तुमने ये मुश्किल काम कैसे किया बताओ तो ज़रा
किसान बोला
मालिक नदी से दूर आपके महल में एक 'दिया' जल रहा था
मैं रात भर उसे ही देखता रहा
बस इसी कारण मुझे ठंड महसूस ही नहीं हुई
इस तरह मैं अपना कार्य करने में सफल हो गया.
पता है
तुम मेरे लिए वही 'दिया' हो
मैंने कभी सोचा नहीं था
कोई मुझे इतना प्यार करने वाला मिलेगा
जो मेरे मन की हर बात सुनेगा
मेरा ख्याल अपने से ज्यादा रखेगा
मेरे सारे दर्द-दुःख-परेशानियां
सबसे पहले तुम्हारे से होकर ही निकले
मैं अकेले कुछ भी नहीं कर पाती
बस घुट-घुटकर अपनी जिंदगी जीती जाती
मैं सच बताऊं तो
मैं तुम्हें पाकर अपने आप को ही भूल गई हूं
अब मैं
मैं नहीं रही
तुम हो गई हूं
इससे ज्यादा मैं क्या बताऊं तुम्हें
तुम मेरे लिए क्या हो.
No comments:
Post a Comment